प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धर्म नगरी उज्जैन में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। जम्मू से महाकाल के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं का 3 लाख रुपए का सामान पार हो गया। शातिर बदमाश ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब परिवार महाकाल के दोबारा दर्शन करने गया हुआ था। इसी दौरान सिर्फ 3 मिनट में कैश और दस्तावेजों से भरा सामान चोरी हो गया। 

दरअसल, जम्मू से वरुण शर्मा नामक शख्स अपनी बुआ, मित्र गीतांजलि शर्मा और उनके गुरु के साथ महाकाल के दर्शन करने के लिए रविवार को आया था। बुधवार को वापस जम्मू लौटने वाले थे। लेकिन रवाना होने से पहले उन्होंने सोचा कि एक बार फिर बाबा महाकाल के दर्शन कर लिए जाएं। इसी वजह से उन्होंने होटल से चेकआउट कर अपना सामान कार में रखा और दर्शन के लिए निकल गए। कार सड़क पर लगाकर सभी दर्शन करने के लिए चले गए। इसी दौरान एक युवक ने मौका पाकर सारा सामान चोरी कर लिया। करीब दो घंटे बाद लौटे तो कार से सामान चोरी हो चुका था।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार सुबह 11:23 बजे एक छात्र जैसा दिखने वाला युवक कार के पास पहुंचता है और महज ढाई मिनट में सामान निकालकर 11:26 बजे वहां से निकल जाता है। युवक बिना किसी घबराहट के आराम से बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

वरुण शर्मा ने बताया कि चोरी हुए सामान में लैपटॉप, मोबाइल फोन, 15 हजार रुपए नकद, सूटकेस और एक हैंडबैग शामिल है, जिसमें जरूरी दस्तावेज और अन्य कीमती सामान रखा था। पीड़ित ने कुल नुकसान करीब 3 लाख रुपए बताया है। महाकाल थाना पुलिस ने चोरी की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की कोशिश में जुटी है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m