प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला। जहां शाही मस्जिद तोड़ने का विरोध कर रहे लोगों ने पथराव कर दिया। वहीं पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसका वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल, उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके तहत चौड़ीकरण की जद में आने वाले दर्जनों धार्मिक स्थलों की जगहों को हटाया जा चुका है। वहीं खड़े हनुमान मंदिर और शाही मस्जिद को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। शाही मस्जिद हटाने को लेकर मुस्लिम समाज बीते दो दिनों से प्रदर्शन कर रहा है।
रविवार की रात प्रदर्शन
रविवार की रात जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। मस्जिद के बाहर एकत्र हुए और देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया। पूरी रात भारी गहमा गहमी बनी रही। वहीं जिला प्रशासन ने समाज के लोगों से बातचीत की। आपसी सहमति बनने के बाद भीड़ वापस घर लौट गई।
प्रशासन के साथ हुई बैठक
सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आ रही है कि प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच बैठक हुई, जिसमें मस्जिद के हिस्से को समाज के लोगों की तरफ से स्वयं हटाए जाने को लेकर सहमति बनी। सहमति के बाद सोमवार सुबह मुस्लिम समाजजन स्वयं चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को हटाने पहुंचे।
एक गुट ने किया विरोध
इधर, शादी मस्जिद को तोड़ने के दौरान हंगामा हो गया। मस्जिद को हटाने को लेकर एक गुट अभी भी विरोध कर रहा है। इतना ही नहीं कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी की। वहीं पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
एसपी ने कही ये बात
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सिंहस्थ 2028 को लेकर सभी पक्ष हमारे साथ मिलकर सहमति से काम कर रहे है। इसी को लेकर आज शाही मस्जिद को तोड़ने का काम किया जा रहा है। सहमित के बाद उनके द्वारा ही यह कदम उठाया गया है। एहतियातन पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है। कमेटी से भी लगातार बातचीत जारी है। परंतु फिर भी कुछ इस तरह के लोग होते है, जो विवाद पैदा करने की कोशिश करते है। ऐसे लोगों ने दो से तीन प्वाइंट पर भीड़ इकट्ठा करने का प्रयास किया है, उन्हें खदेड़ा गया है। फोर्स का भी इस्तेमाल करना पड़ा है। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे लगे हुए है।
वहीं ‘पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने वाले’ सवाल पर एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि कुछ लोगों ने पथराव किया था। इस दौरान पुलिस ने हल्के बल का इस्तेमाल किया है। आंसू गैस का भी प्रयोग किया गया। लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं लगी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

