प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। बढ़ती महंगाई, ईंधन की किल्लत, गैस सिलेंडर और एक अप्रैल से बिजली दरों में होने वाली बढ़ोतरी का विरोध जताया। शहर और जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा है। जिसमें प्रस्तावित बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग की गई है।

बढ़ती महंगाई को लेकर उज्जैन में कांग्रेसी सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। शहर व जिला कांग्रेस कमेटी ने देवास गेट चौराहे से मालीपुरा होते हुए एटलस चौराहे तक रैली निकाली। रैली के बाद कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया और 1 अप्रैल से प्रस्तावित बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग की गई।

ये भी पढ़ें: विदिशा में कांग्रेस का हल्लाबोल: गैस टंकी की अर्थी निकाल किया अनोखा प्रदर्शन, सांदीपनि स्कूल के खराब रिजल्ट पर की ये मांग

गैस सिलेंडर-ईंधन को लेकर केंद्र सरकार पर हमला

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि केंद्र और राज्य सरकार आम नागरिकों के हितों के विपरीत कार्य कर रही हैं। ज्ञापन में बताया गया कि केंद्र की मोदी सरकार ने गैस सिलेंडरों के मूल्य में वृद्धि की है। इसके साथ ही संपूर्ण राष्ट्र में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किल्लत बनी हुई है, जिससे आम उपभोक्ताओं को जीवन यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली बिल दर में वृद्धि और गेहूं खरीदी तारीख बढ़ाने का विरोध

मुकेश भाटी ने मध्य प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार बिजली बिलों में वृद्धि की जा रही है। 1 अप्रैल से एक बार फिर प्रति यूनिट बिजली दर बढ़ाई जा रही है, जिसके कारण आम नागरिक महंगाई की मार से प्रभावित है। कांग्रेस पार्टी ने गैस और बिजली के मूल्यों में की जा रही इस वृद्धि का कड़ा विरोध किया है। वहीं समर्थन मूल्य पर 1 अप्रैल से गेहूं की खरीदी होने वाली थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने इसकी तारीख बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दी है।

ये भी पढ़ें: किसानों से जुड़ी बड़ी खबर : सरकार ने बढ़ाई गेहूं खरीदी की तारीख, 1 अप्रैल नहीं अब इस दिन से शुरू होगी MSP पर खरीदी

उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

इसके कारण अब मजबूरन किसानों को बिना समर्थन मूल्य के ही सस्ते दामों पर अपनी फसल बेचनी पड़ेगी। भाटी ने सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा करते हुए इसे किसानों के साथ छलावा बताया है। वहीं पार्षद अर्पित दुबे ने बताया कि गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल की कमी सभी स्थानों पर है। 1000 की टंकी अब लोगों को 2500 रुपए तक ब्लैक में खरीदना पड़ रही है। देश में पेट्रोल डीजल को लेकर मच रहे हाहाकार के विरोध में प्रदर्शन किया है। अगर 1 तारीख से बिजली के बिल में वृद्धि होगी तो कांग्रेस अपने आंदोलन को और उग्र करेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m