प्रदीप मालवीय, उज्जैन। प्रकाश और आस्था के महापर्व दीपावली के अवसर पर धर्मनगरी उज्जैन के नई पेठ स्थित अति प्राचीन गजलक्ष्मी माता मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। धन और समृद्धि की देवी माता लक्ष्मी के दर्शन और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। इस पावन अवसर पर माता का भव्य और मनमोहक विशेष श्रृंगार किया गया है, साथ ही पूरे मंदिर परिसर को करीने से नोटों से सजाया गया है, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।

5100 लीटर दूध से हुआ अभिषेक, भक्तों को बांटा गया प्रसाद

मंदिर के पुजारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन यह विशेष अभिषेक आयोजित किया गया। सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस अनुष्ठान में 5100 लीटर से अधिक दूध से माता गजलक्ष्मी का दुग्धाभिषेक किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

अभिषेक के बाद इस पवित्र दूध को प्रसाद के रूप में भक्तों में वितरित किया गया। श्रद्धालु इस दूध को अपने साथ ले जाकर घरों में खीर बनाएंगे और माता को भोग लगाकर पूरे परिवार के साथ प्रसाद के रूप में ग्रहण करेंगे। इसके बाद माता का अलौकिक श्रृंगार कर महाआरती की गई, और शाम को माता को छप्पन भोग व महाभोग लगाया जाएगा।

स्थिर लक्ष्मी की कामना और सम्राट विक्रमादित्य से जुड़ी है मान्यता

मान्यता है कि सम्राट विक्रमादित्य ने अपने राज्य में सुख, शांति और वैभव बनाए रखने के लिए माता गजलक्ष्मी की स्थापना कर उनकी आराधना की थी। यही वजह है कि माता गजलक्ष्मी को उज्जैन की समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। यहां आने वाले श्रद्धालु सुख-समृद्धि के साथ अपने घरों में स्थायी रूप से लक्ष्मी का वास होने की कामना लेकर पहुंच रहे हैं। पुजारी के अनुसार, मान्यता है कि माता को लगातार पांच शुक्रवार दही अर्पित करने से कुंडली में शुक्र ग्रह मजबूत होता है और आर्थिक स्थिति में स्थिरता आती है।

इसी आस्था को मानकर न केवल शहर से, बल्कि आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पांच दिवसीय इस उत्सव के दौरान मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हो रहे हैं, जिसमें महिलाओं को मंदिर की ओर से विशेष रूप से सिंदूर भी भेंट किया जा रहा है। दीपावली के इस पावन मौके पर पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारों और भक्तों की अटूट आस्था से सराबोर नजर आया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m