प्रदीप मालवीय, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दीपावली महापर्व के पहले मंदिर गर्भगृह को चमकाने का काम जोरों पर शुरू हो गया है। यहां लगे चांदी के द्वार, दीवारों और रुद्र यंत्र की विशेष सफाई के साथ पॉलिशिंग की जा रही है। इसके साथ ही जलाधारी, देहरी पर लगे चांदी के दरवाजे और नंदी हॉल के दरवाजों की भी विशेष सफाई की जाएगी। मंदिर में दीपावली के पावन पर्व के लिए रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम भी तेजी से किया जा रहा है। दीपावली की तैयारियों के लिए गर्भगृह के शिखर पर स्थित रुद्र यंत्र, चांदी की दीवारों और अन्य चांदी से बने हिस्सों को कारीगर विशेष तरीके से साफ कर रहे हैं, जिससे सफाई और पॉलिशिंग पूरी होने के बाद गर्भगृह के चांदी के दरवाजे और दीवारें फिर से पूरी तरह चमक उठेंगी।
शिवरात्रि और श्रावण मास की तरह दीपावली पर भी होती है विशेष सफाई
मंदिर समिति के अनुसार महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि, श्रावण मास और दीपावली जैसे प्रमुख पर्वों से ठीक पहले चांदी के दरवाजों, दीवारों और यंत्रों की नियमित रूप से विशेष सफाई और पॉलिशिंग कराई जाती है। इसी परंपरा के तहत इस बार भी महापर्व की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार श्री महाकालेश्वर मंदिर में इस वर्ष दीपावली का भव्य पर्व आगामी 8 नवंबर को मनाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

