उज्जैन। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के पावन अवसर पर धर्मनगरी उज्जैन में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर और साल में सिर्फ एक बार खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए सुबह से ही लाखों श्रद्धालु पहुंचे। इसी बीच मंदिर परिसर के समीप हरसिद्धि मंदिर के पास बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव अचानक अत्यधिक बढ़ गया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बेहोश होकर गिरे श्रद्धालु, 13 लोग अस्पताल में भर्ती
बैरिकेड्स के पास अचानक बढ़ी धक्का-मुक्की और अत्यधिक दबाव के कारण श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने लगी:
बेहोश हुए लोग: अचानक बढ़े दबाव में कई लोग नीचे गिर गए और घुटन के कारण बेहोश हो गए।
सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा: मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों, परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए लोगों को भीड़ से बाहर निकाला।
घायलों का इलाज जारी: प्राथमिक रिपोर्टों के अनुसार, इस अफरा-तफरी में 13 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
मंदिर समिति ने भगदड़ के दावे को किया खारिज
मंदिर समिति ने भगदड़ की खबरों का खंडन किया है। समिति का कहना है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। समति के मुताबिक नागपंचमी, सावन सोमवार और भगवान महाकालेश्वर की सवारी एक ही दिन होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या काफी ज्यादा बढ़ गई। अब तक करीब 6लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
करंट फैलने की अफवाह से हुए भगदड़ जैसे हालात
महाकाल मंदिर में भारी भीड़ के बीच नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए कतार में करंट फैलने की अफवाह से दहशत की स्थिति बन गई। जिससे श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई। यह वाक्या हरसिद्धि मंदिर चौराहे के पास बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में डीपी के पास करंट फैलने की बात फैलने के बाद हुई। जिसमें कई श्रद्धालुओँ के गिरने और बैरिकेटिंग से टकराने की जानकारी सामने आई।
अब तक 6 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन
उल्लेखनीय है कि सावन के सोमवार के साथ नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट खुलने का योग होने के कारण देशभर से रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे हैं। प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 6 लाख से अधिक श्रद्धालु महाकाल और नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन कर चुके हैं।
विशेष महत्व: साल में 1 बार खुलते हैं कपाट
नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट वर्ष में केवल 24 घंटे (नागपंचमी) के लिए ही खुलते हैं, जिसके चलते मंदिर क्षेत्र में सुबह से ही अपार जनसैलाब उमड़ा हुआ था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और दर्शन व्यवस्था को सुचारू कराया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


