प्रदीप मालवीय, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शुमार श्री महाकालेश्वर मंदिर और उसके परिसर में स्थित अन्य प्राचीन मंदिरों के संरक्षण के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। मंदिर के शिखर से लेकर अन्य उप-मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए 10.27 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। सबसे खास बात यह है कि मंदिर की प्राचीन और मूल संरचना को सुरक्षित रखने के लिए इसमें सीमेंट या सरिए का उपयोग नहीं किया जाएगा, बल्कि पारंपरिक पद्धति के तहत चूना, गुड़ और लाख के मिश्रण से मरम्मत कार्य किया जाएगा।

सीबीआरआई के मार्गदर्शन में यूडीए करा रहा विकास कार्य

केंद्रीय भवन शोध संस्थान के तकनीकी मार्गदर्शन में यह पूरा विकास कार्य उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए महाकाल मंदिर के शिखर पर मचान भी बना दिया गया है। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार इस पूरे जीर्णोद्धार कार्य को आगामी महाशिवरात्रि से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सीबीआरआई की विशेषज्ञ टीम हर महीने में दो बार इस कार्य की मॉनिटरिंग करने के लिए उज्जैन आएगी।

परिसर के इन मंदिरों का होगा जीर्णोद्धार

इस प्रोजेक्ट के तहत महाकाल मंदिर परिसर में मौजूद कई ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • नागचंद्रेश्वर मंदिर
  • वृद्धकालेश्वर मंदिर
  • अनादि कल्पेश्वर मंदिर
  • ओंकारेश्वर मंदिर
  • कालेश्वर मंदिर
  • चिंतामणि गणेश मंदिर
  • मनकामेश्वर मंदिर
  • सिद्धेश्वर महादेव मंदिर
  • गोवर्धन मंदिर, केदारेश्वर मंदिर
  • भीमाशंकर मंदिर, पाताल महादेव मंदिर
  • त्र्यंबकेश्वर मंदिर और कोटि तीर्थ कुंड

मूल संरचना को नहीं पहुंचाया जाएगा नुकसान

उज्जैन विकास प्राधिकरण के सहायक यंत्री शैलेन्द्र जैन के मुताबिक, इस जीर्णोद्धार का मुख्य उद्देश्य मंदिरों की संरचनात्मक मजबूती, सुरक्षा और दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित करना है। काम के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि मंदिर की मूल प्राचीन संरचना को बिल्कुल नुकसान न पहुंचे।

शिखर से लेकर भू-तल तक जहां भी क्रैक आ गए हैं, जालियां टूट गई हैं, खंभों को नुकसान पहुंचा है या पानी रिसने की समस्या है, उसे पारंपरिक विधि यानि चूना, गुड़ और लाख से ही सुधारा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि जो जैसा प्राचीन स्वरूप में है, उसे वैसा ही सहेजा जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m