प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के महामृत्युंजय द्वार क्षेत्र में एमपीआरडीसी द्वारा बनाए गए ब्रिज के नीचे से निकलने वाला रास्ता बंद कर दिए जाने से करीब 12 से 15 कॉलोनियों के रहवासी परेशान है । बीती रात परेशान रहवासियों ने चक्का जाम कर विरोध जताया।
रास्ता बंद होने से लोगों का नानाखेड़ा की ओर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है । कॉलोनीवासियों के अनुसार अमरनाथ, त्रिवेणी विहार, दीप्ति विहार, कीर्ति विहार, महेश विहार सहित प्रशांति से लेकर लाल गेट और वृंदावन तक की कॉलोनियों के लोग इसी रास्ते से नानाखेड़ा जाते थे । ब्रिज बनने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि ब्रिज के नीचे से रास्ता हमेशा चालू रहेगा, लेकिन पिछले दो दिन से इस रास्ते को बंद कर दिया गया है ।
रहवासियों ने बताया कि अब उन्हें शांति पैलस चौराहे से घूमकर जाना पड़ रहा है और लौटते समय भी काफी आगे तक जाना पड़ता है । बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने में भारी परेशानी हो रही है । लंबा घूमकर और रॉन्ग साइड से जाने पर दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है ।
भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने किया चक्का जाम
समस्या से परेशान कॉलोनीवासियों ने महामृत्युंजय द्वार पर चक्का जाम कर दिया जिससे वाहनों की कतार लग गई । सूचना मिलने पर नानाखेड़ा पुलिस बल के साथ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे जहां लोगों ने उन्हें अपनी समस्या बताई । कॉलोनीवासी दुर्गेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बिना किसी पूर्व जानकारी के रास्ता डायवर्ट कर दिया गया । लोगों को यह भी नहीं बताया गया कि अब उन्हें किस रास्ते से जाना होगा । रहवासियों ने जल्द रास्ता फिर से खोलने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

