प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धर्मनगरी उज्जेन में होने वाले आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए मध्य प्रदेश शासन और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। अनुमानित 40 करोड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए इस बार अत्याधुनिक स्मार्ट ड्रोन तकनीक का सहारा लिया जाएगा। इसी कड़ी में मोक्षदायिनी शिप्रा नदी के तट पर हाईटेक ड्रोन्स का लाइव डेमो आयोजित किया गया।
शिप्रा तट पर हुआ लाइव डेमो, 8 किलोमीटर दूर तक रखेंगे नजर
शिप्रा तट स्थित राणोजी की छत्री पर आयोजित ड्रोन डेमो में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राकेश गुप्ता, संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। चेन्नई, दिल्ली और गुरुग्राम की कंपनियों ने ऐसे हाईटेक ड्रोन का प्रदर्शन किया, जो लगभग 8 किलोमीटर तक प्रभावी निगरानी करने में सक्षम हैं।
डेमो के दौरान ड्रोन ने शिप्रा नदी, घाटों, मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों और आसपास की गलियों की लाइव मॉनिटरिंग कर दिखाई। अधिकारियों ने ड्रोन की कैमरा क्वालिटी, उड़ान क्षमता, डेटा ट्रांसमिशन और आपदा प्रबंधन में उपयोगिता का परीक्षण किया। ड्रोन से मिलने वाली रियल टाइम तस्वीरें और वीडियो सीधे कंट्रोल रूम तक पहुंचेंगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव होगी।
सिर्फ निगरानी ही नहीं, भीड़ नियंत्रण और घोषणाएं भी करेंगे ड्रोन
प्रशासन के अनुसार ये ड्रोन सिर्फ निगरानी ही नहीं करेंगे, बल्कि भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपदा राहत और सार्वजनिक घोषणा प्रणाली में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या, मार्गों की स्थिति और संभावित अव्यवस्थाओं की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सिंहस्थ 2028 को विश्वस्तरीय बनाने के लिए सड़क, पुल, घाट, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और यातायात जैसी आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य आधुनिक तकनीक और स्मार्ट प्रबंधन के जरिए सिंहस्थ को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन बनाना है सिंहस्थ 2028 को तकनीक और सुरक्षा के नए मानकों पर आयोजित करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। हाईटेक ड्रोन, इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम और स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए प्रशासन करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रहा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


