प्रदीप मालवीय, उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर बुधवार को संभाग आयुक्त सह मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक, महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। दल सर्किट हाउस से बस द्वारा रवाना हुआ और सबसे पहले कान्ह नदी परिवर्तन डक्ट परियोजना की प्रगति देखी। इसके बाद शनि मंदिर क्षेत्र में निर्मित हो रहे घाट, क्षिप्रा तट, ब्रिज, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया गया ।

क्षिप्रा नदी का जल और अधिक स्वच्छ होगा

सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि कान्ह डायवर्जन टनल अत्याधुनिक तकनीक का शानदार उदाहरण है। इससे क्षिप्रा नदी का जल और अधिक स्वच्छ होगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि कई निर्माण कार्य तय समय से पहले पूरे होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा

संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य कार्यों की गुणवत्ता और गति का आकलन करना था। उन्होंने बताया कि सिंहस्थ से जुड़े सभी निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। शहर में 63 सड़कों के चौड़ीकरण सहित कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है, जिन्हें निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा करने का लक्ष्य है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m