शिवम मिश्रा, रायपुर। उज्जैन में विकास कार्यों के लिए मस्जिद हटाए जाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा नेता एवं सांसद वीडी शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। रायपुर पहुंचे वीडी शर्मा ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों के तहत प्रशासन विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है और मस्जिद से जुड़े लोगों ने भी विकास कार्य के लिए इसे स्वेच्छा से हटाने की बात कही है। उन्होंने घटना को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी से प्रेरित लोगों पर ‘न्यूसेंस’ फैलाने का आरोप लगाया। वहीं, सेवा संकल्प यात्रा और AICC के चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर भी वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा।

उज्जैन में मस्जिद हटाए जाने को लेकर वीडी शर्मा का बयान

वीडी शर्मा ने कहा कि जब किसी मस्जिद, मंदिर या व्यक्तिगत संपत्ति की वजह से विकास कार्य प्रभावित होते हैं तो समाज के लोग स्वयं आगे आकर सहयोग करते हैं। उन्होंने दावा किया कि मस्जिद के लोगों ने स्वेच्छा से कहा है कि विकास कार्य के लिए इसे हटाया जा रहा है।

उन्होंने पथराव की घटना को लेकर कहा कि कुछ तथाकथित लोग केवल ‘न्यूसेंस’ पैदा करना चाहते हैं। वीडी शर्मा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को प्रेरणा मानने वाले लोग इस तरह का न्यूसेंस फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपना काम कर रहा है और सिंहस्थ को देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान सोमवार को तनाव और पथराव की घटना सामने आई थी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया था। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद 15 लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील भी की गई है।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी बोले वीडी शर्मा

रायपुर पहुंचने का एक प्रमुख उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान भी रहा। वीडी शर्मा ने बताया कि सेवा यात्रा की शुरुआत गुजरात के वडनगर से हुई थी। यह यात्रा 10 राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंची है और इसका समापन वाराणसी में होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से देशसेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और उनके बीच पहुंचकर सेवा एवं जनसंपर्क का काम कर रहे हैं।

कांग्रेस पर साधा निशाना

AICC के चुनाव आयोग के खिलाफ जारी प्रदर्शन को लेकर भी वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘छल-कपट की राजनीति’ करने का प्रयास करती है।

वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की लीडरशिप अप्रासंगिक हो चुकी है और जब उसे सफलता नहीं मिलती तो वह झूठ का रास्ता अपनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में कांग्रेस चुनाव हारती है, वहां पार्टी चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराती है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत को बदनाम करने में कांग्रेस को मजा आता है। वीडी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गवर्नेंस आगे बढ़ने का दावा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद और आतंकवाद से मुक्त हुआ है और इसके पीछे प्रधानमंत्री मोदी की इच्छाशक्ति है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H