देहरादून. E20 पेट्रोल को लेकर नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने E20 पेट्रोल को लेकर जनता की चिंताओं को लगातार खारिज किया. लेकिन अब सरकार के अपने मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन जी ने पुराने वाहनों के लिए E10 पेट्रोल का विकल्प फिर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई है.

इसे भी पढ़ें- मुफ्त, मुफ्त, बिल्कुल मुफ्तः महिलाओं को बस में सफर करने पर नहीं लगेगा किराया, धामी सरकार ने दी बड़ी सौगात

आगे य़शपाल आर्य ने कहा, देश में करोड़ों पुराने वाहन सड़कों पर हैं. सरकार स्वयं संसद में बता चुकी है कि 1 अप्रैल 2023 से पहले बेचे गए वाहन E10 मानकों के अनुरूप थे. इसके बावजूद वाहन मालिकों को विकल्प दिए बिना E20 की ओर धकेलना किसके हित में है? जब जनता ने माइलेज, अनुकूलता और अतिरिक्त खर्च को लेकर सवाल उठाए, भाजपा सरकार ने इन चिंताओं को नकारने का प्रयास किया.

इसे भी पढ़ें- डोईवाला टोल प्लाजा के पास भीषण हादसा… गाड़ी में सवार 7 लोगों में 2 की मौत, राहत-बचाव जारी

आगे उन्होंने ये भी कहा कि अब मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन जी की राय ने स्पष्ट कर दिया है कि इन सवालों को यूं ही खारिज नहीं किया जा सकता. नीतियां जनता की सुविधा और हित को केंद्र में रखकर बननी चाहिए, जनता पर प्रयोग करने के लिए नहीं. भाजपा सरकार बताए कि पुराने वाहन मालिकों को E10 चुनने का अधिकार क्यों नहीं दिया जा रहा?