कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद मंगलवार दोपहर खूनी संघर्ष में बदल गया. खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ गांव में लाठी-डंडों से पिटाई में राइस मिल संचालक मोहम्मद अकरम शाह (50) वर्ष पुत्र जब्बार की मौत हो गई. मृतक की पत्नी नरगिस की तहरीर पर पुलिस ने भतीजों और भयेहू समेत पांच के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमें गठित की हैं. घटना के बाद गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

इसे भी पढ़ें- शिक्षामित्रों को बड़ा तोहफा! 11,508 सहायक शिक्षक भर्ती में मिली उम्र सीमा में छूट, जानें पूरी डिटेल

उक्त गांव निवासी अकरम शाह राइस मिल और चक्की चलाते थे. अकरम शाह का भाई वहाजुद्दीन थोड़ी दूर पर स्तिथ सेठुआ पारा, थाना खुटहन में रहता है. दोनों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. वहाजुद्दीन वर्तमान में सऊदी अरब में है. इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि इसके बाद वहाजुद्दीन के परिवार के लोगों ने एकजुट होकर अकरम शाह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें- ‘ब्लू ड्रम’ के बाद अब ‘बक्सा कांड’: पति की हत्या के बाद बक्से में भरकर हाईवे पर छोड़ा शव, पत्नी समेत 3 गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पत्नी नरगिस ने मोहम्मद फरहान, रिजवान, अदनान, रेहान पुत्रगण वहाजुद्दीन और पत्नी हुस्नआरा के खिलाफ तहरीर दी. पुलिस ने पांचों नामजद आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. वारदात के बाद आरोपितों ने घर और दुकान में ताला लगाकर फरार हो गए. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं. पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है.