टिहरी। जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां मुनि की रेती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। घटना से इलाके में कोहराम मच गया है। परिवार और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल, पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिरी

बताया जा रहा है कि शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा सोमवार रात मुनि की रेती क्षेत्र में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद मंगलवार सुबह अपने निजी वाहन से घऱ लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक झपकी आ गई और उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

READ MORE: रोपवे से आसान होगी तीर्थयात्रा, केदारनाथ-हेमकुंट परियोजनाओं पर तेज हुआ काम, मुख्य सचिव ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश

पुलिस विभाग में शोक की लहर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और विनोद शर्मा को बाहर निकालकर अस्पताल रेफर किया। जहां, प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं पूर्व सीएम हरीश रावत ने विनोद शर्मा के निधन पर शोक जताया और कहा कि भारत मां के बेटे, अपने कर्तव्य पथ का निर्वहन करते हुए थाना मुनि की रेती क्षेत्र की शिवपुरी चौकी के प्रभारी श्री विनोद शर्मा जी के सड़क दुर्घटना में निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका असामयिक निधन उत्तराखंड पुलिस परिवार और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।