Uklana Firecracker Raid : हिसार। दीपावली से पहले हरियाणा के उकलाना में पटाखों के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। सीएम फ्लाइंग हिसार की टीम ने गुरुवार को पुरानी अनाज मंडी स्थित सिंगला जनरल स्टोर पर छापेमारी कर करीब 159 किलो पटाखे बरामद किए। जांच में दुकान संचालक पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़ा कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं दिखा पाया। दमकल विभाग की टीम ने बरामद पटाखों को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, दुकान मालिक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त सूचना पर जनरल स्टोर में पहुंची टीम
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना को सूचना मिली थी कि उकलाना की पुरानी अनाज मंडी स्थित सिंगला जनरल स्टोर (टेकराम सिंगला) में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं और उनकी बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने दमकल विभाग और पुलिस के अधिकारियों के साथ दुकान पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां करीब 159 किलोग्राम पटाखे मिले। दुकान संचालक इनके भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इसके बाद दमकल विभाग ने पटाखों को अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ दमकल विभाग के अधिकारी रणदीप श्योकंद, एसआई बलवान और हेड कांस्टेबल विजय भी मौजूद रहे।
आबादी के बीच रखा था पटाखों का स्टॉक, हादसे का था खतरा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जनरल स्टोर में पटाखों का भंडारण आबादी वाले इलाके के बीच किया गया था। दुकान में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे रखना आसपास के दुकानदारों और लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता था।
पटाखों में आग लगने या विस्फोट होने की स्थिति में आसपास की दुकानों और रिहायशी क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था। स्थानीय लोगों ने भी इस तरह के अवैध भंडारण पर चिंता जताई है।
दो-तीन साल पहले गोदाम में विस्फोट से गई थी युवक की जान
उकलाना क्षेत्र में पटाखों के भंडारण को लेकर पहले भी बड़ा हादसा हो चुका है। करीब दो-तीन साल पहले लितानी मोड़ के पास पटाखों के गोदाम में विस्फोट हो गया था। इस हादसे में बिठमड़ा गांव के एक युवक की जान चली गई थी।
इसके बावजूद आबादी क्षेत्र में पटाखों का अवैध भंडारण सामने आने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।
बिना लाइसेंस पटाखे बेचने वालों पर होगी कार्रवाई
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उकलाना में छापेमारी के दौरान 159 किलो पटाखे बरामद हुए हैं। दुकान संचालक के पास न तो पटाखे रखने और बेचने का लाइसेंस था और न ही दमकल विभाग की NOC मिली। बरामद पटाखे दमकल विभाग को सौंप दिए गए हैं। कानूनी कार्रवाई के लिए उकलाना पुलिस को शिकायत दी गई है।
उन्होंने दुकानदारों और आम लोगों से अपील की कि बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का पालन किए पटाखों का भंडारण या बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
दुकान मालिक पर विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज होगा केस
उकलाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सीएम फ्लाइंग की शिकायत पर सिंगला जनरल स्टोर के मालिक के खिलाफ करीब 159 किलो पटाखे बिना अनुमति बिक्री के लिए रखने के मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जाएगा। बरामद पटाखे दमकल विभाग ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

