हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर उड़ानों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने साफ निर्देश दिए हैं कि एयरपोर्ट पर पक्षियों और वन्य जीवों को दूर रखने के लिए अल्ट्रासोनिक म्यूजिक सिस्टम लगाया जाए। संभागायुक्त की अध्यक्षता में हुई पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि रनवे और एयरसाइड एरिया में वन्य जीवों की एंट्री रोकना सबसे जरूरी है, इसके लिए लगातार निगरानी और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाए।
संयुक्त निरीक्षण और हर महीने समीक्षा
बैठक में निर्देश दिए गए कि रेस्क्यू टीम नगर निगम के साथ मिलकर एयरपोर्ट क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करे। हर महीने बैठक कर काम की समीक्षा भी अनिवार्य की गई है, ताकि किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके।
सेंसर्स और अलर्ट सिस्टम पर जोर
संभागायुक्त ने कहा कि सिर्फ अल्ट्रासोनिक सिस्टम ही नहीं, बल्कि आग और पक्षियों की गतिविधियों की पहले से जानकारी देने के लिए सेंसर भी लगाए जाएं। इससे हादसों का खतरा कम होगा और उड़ान संचालन सुरक्षित रहेगा।
आसपास के इलाकों पर भी फोकस
एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में भी सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। रनवे और अप्रोच एरिया के पास बड़े पेड़ों की कटाई-छंटाई बिजासन टेकरी इलाके में लगातार निगरानी, इंदौर-पीथमपुर रोड पर फैले कचरे की सफाई, इन कामों में नगर निगम की मदद लेने को कहा गया है।
आवारा कुत्तों और फेंसिंग पर सख्ती
बैठक में यह भी तय हुआ कि एयरपोर्ट के आसपास से आवारा कुत्तों को नियमित रूप से हटाया जाए। साथ ही एयरपोर्ट की फेंसिंग में कहीं भी टूट-फूट या छेद हो तो उसे तुरंत ठीक किया जाए।
आग से सुरक्षा के इंतजाम
गर्मी को देखते हुए एयरपोर्ट क्षेत्र में आग से बचाव के लिए भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा, एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मगगीरवार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

