संजय विश्वकर्मा, उमरिया चंदिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के चंदिया से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां CM राइज हायर सेकेंड्री स्कूल की दीवारों पर देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने आपत्ति जनक पोस्टर चस्पा कर दिए। इन पोस्टरों में देश के प्रधानमंत्री पर टिप्पणी की गई है, साथ ही एके-47 राइफल का चित्र भी बनाया गया है।

विद्या के मंदिर के ठीक बाहर देश के प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी और घातक हथियार का यह आपत्तिजनक पोस्टर मिलने के बाद प्रशासनिक अमले और आम जनता में हड़कंप मच गया है। पूरी वारदात वहां लगे CCTV में कैद हो गई है जिसमें कुछ संदिग्ध युवक देर रात एक स्कूल परिसर के सामने बेखौफ घूमते और पोस्टर चिपकाते नजर आ रहे हैं।

स्कूल एक ऐसा पवित्र स्थान है जहां बच्चे संस्कार, ज्ञान और राष्ट्रभक्ति का पाठ सीखते हैं। ऐसे स्थान के बाहर देश के प्रधानमंत्री पर अशोभनीय टिप्पणी करना और घातक हथियारों के पोस्टर लगाना किस मानसिकता को दर्शाता है?

मासूमों पर बुरा असर, कानून व्यवस्था को चुनौती

सुबह जब मासूम बच्चे स्कूल पहुंचते हैं तो इस तरह की अभद्र भाषा और AK-47 जैसे खौफनाक हथियार के पोस्टर उनके बालमन पर क्या असर डालेंगे? यही नहीं देश के संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अभद्र बातें लिखना और घातक प्रतीकों का इस्तेमाल करना सीधे तौर पर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है।

गश्त पर उठे सवाल, स्कूल प्रशासन की घोर लापरवाही

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि संदिग्ध युवक काफी देर तक स्कूल के बाहर मंडराते रहे और आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल गए। इस घटना ने रात में पुलिस गश्त के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं।

वहीं स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। स्कूल परिसर के मुख्य द्वार पर इतना संवेदनशील और आपत्तिजनक पोस्टर लगने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने पुलिस या उच्च अधिकारियों को समय रहते सूचित करना जरूरी नहीं समझा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m