कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए कल शुक्रवार को मतदान होना है। मतदान से पहले जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने सभी 8 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों की जीत का बड़ा दावा किया है। उमेश कुशवाहा ने कहा कि, एनडीए में हम लोग 5 घटक दल हैं और पांचो घटक दल के बीच चट्टानी एकता है।

उन्होंने कहा कि, कहीं भी किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। मतदाताओं ने भी मन बना लिया है कि वह एनडीए उम्मीदवारों का ही साथ देंगे। इसीलिए बिहार में जो आठ स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव हो रहा है। सभी सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों की ही जीत होगी।

आज सुबह नीरज कुमार से की थी मुलाकात

इससे पहले वह आज सुबह जदयू एमएलसी और पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार नीरज कुमार से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ एमएलसी संजय गांधी भी मौजूद थे। दोनों नेताओं की करीब 20 मिनट तक नीरज कुमार से बंद कमरे में मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने नीरज कुमार का हालचाल जाना और कल होने वाले मतदान को लेकर चर्चा की। बता दें की नीरज कुमार से मुलाकात करने से पहले दोनों नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष और पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। एमएलसी संजय गांधी नीतीश कुमार के बेहद करीबी बताए जाते हैं।

अनंत सिंह कर रहे हैं विरोध

बता दें कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कल बुधवार को नीरज कुमार बेली रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर पहुंचे हैं, बीते सोमवार को सीवान में दुर्गा पूजा के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद से पटना के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। ऐसे में मतदान से ठिक पहले उमेश कुशवाहा के उनके आवास पर पहुंचने को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। हालांकि पार्टी विधायक अनंत सिंह नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। पटना स्नताक सीट पर वह जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं, जो पार्टी और नीरज कुमार के लिए सिर दर्द बना हुआ है।

164 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल

बिहार MLC चुनाव के लिए 8 सीटों पर कल 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होना है। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। ​इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 164 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे राज्य में 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- ‘कांग्रेस और राहुल गांधी एक खतरनाक देश….’, INDIA ब्लॉक की बैठक BJP-JDU का हमला