रामकुमार यादव, सरगुजा। अंबिकापुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां मेण्ड्रा नदी में नहाने के दौरान मामा और भांजी की डूबने से मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय सिम्मी सोनी अपने परिवार के साथ मामा के घर घूमने आई थी। इसी दौरान परिवार के सभी सदस्य मेण्ड्रा नदी में नहाने गए थे। नहाते समय सिम्मी अचानक गहराई की ओर चली गई और डूबने लगी। भांजी को डूबता देख 45 वर्षीय विनीत सोनी उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद पड़े, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों ही गहरे पानी में डूब गए और दोनों की मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों के शव को नदी से बाहर निकाला। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।

दुर्ग : शिवनाथ नदी में डूबने से दो दोस्तों की हुई थी मौत

बता दें कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में भी रविवार को शिवनाथ नदी में नहाने गए पांच दोस्तों में से दो की डूबने से मौत हो गई थी, जबकि तीन किसी तरह बाहर निकल आए थे। सभी दोस्त साथ में नदी में नहाने उतरे थे, लेकिन किसी को तैरना नहीं आता था।यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के छातागढ़ पिकनिक स्पॉट की है।

जानकारी के मुताबिक, नहाने के दौरान अचानक दो युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए, जहां पानी करीब 10 से 12 फीट गहरा था। गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। एसडीआरएफ की टीम ने मोहम्मद फैजल (21) और मोहम्मद ईशांत (13) के शव को नदी से बाहर निकाला। दोनों कैलाश नगर के रहने वाले थे। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया था।

पिकनिक स्पॉट है छातागढ़

छातागढ़ पिकनिक स्पॉट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह दुर्ग जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां प्राचीन मनोकामना सिद्धपीठ हनुमान मंदिर भी है, जहां का शांत वातावरण लोगों को आकर्षित करता है। पिकनिक स्पॉट के पास ही शिवनाथ नदी बहती है, जहां अक्सर लोगों की भीड़ लगी रहती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H