कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में रिश्तों को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया है। यहां ताऊ ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। आरोपी ने 11 साल की मासूम के मुंह में रुमाल ठूंस कर उसका रेप किया। 12 दिन तक मामला दबा रहा। लेकिन जब बच्ची के पेट में दर्द हुआ तब खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ। मामले में शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ताऊ के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

छोटे भाई के जन्मदिन पर आई थी घर

दरअसल, मामला झांसी रोड थाना क्षेत्र का है। 6वीं की छात्रा बचपन से ही आने नाना नानी के पास रही। लेकिन 11 मई को वह छोटे भाई के जन्मदिन पर माता-पिता के घर आई थी। वह घर मे सभी के साथ रही। 13 मई की रात अचानक लाइट चली गयी, तो सभी लोग गर्मी के चलते बाहर आ गए। मां ने मासूम बेटी से छोटे भाई को जगाकर बाहर लाने के लिए कहा। छोटा भाई तो बाहर आ गया लेकिन बच्ची बाहर नहीं आई।

बिजली जाते ही कमरे में खींच ले गया ताऊ

दरअसल, घर के अंदर मौजूद सगे ताऊ ने बच्ची को जबरन कमरे में खींच लिया था। बच्ची शोर मचाती उसके पहले ही उसने मासूम के मुंह में रुमाल ठूंस दिया था। ताऊ की हैवानियत यही नहीं रुकी। उसने बच्ची के हाथ-पैर बांध कर उसके साथ दुष्कर्म किया। ताऊ ने रोती बिलखती मासूम को डरा कर धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसकी हत्या कर देगा। 

पेट दर्द होने पर बच्ची के साथ अस्पताल पहुंची मां

11 साल की मासूम जिस पीड़ा से गुजरी खुद को रोक नही पाई और उसने बाहर आकर अपनी मां को सबकुछ बता दिया। घर वालों ने मां के ऊपर बदनामी और ससुराल पक्ष का दबाब बनाया गया। जिससे मामला थाने तक नही पहुंचा। लोकलाज को देखते हुए मां ने मासूम को वापस नानी के घर भेज दिया, लेकिन जब 12 दिन बाद भी उसके पेट और अंदरूनी अंगों में ज्यादा दर्द हुआ तब उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।

मां की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

डॉक्टर्स ने अंदरूनी अंगों में गहरी चोट की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद मां ने बच्ची के साथ थाने पहुंचकर जेठ के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने भी तत्काल आरोपी को दबोच लिया। दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m