प्रवीण भारद्वाज, पानीपत: हरियाणा के पानीपत में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सेक्टर-29 का है, जहां एक तेज रफ्तार और लापरवाह कैंटर चालक ने बाइक सवार दंपत्ति को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पानीपत के गांव नंगला पार की रहने वाली 55 वर्षीय परकाशी देवी अपने पति के साथ रिश्तेदारी में एक अंतिम संस्कार (अंतिम क्रिया) में शामिल होने जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक सेक्टर-29 क्षेत्र में पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे का मंजर

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सीधे कैंटर के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही सांसे थम गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।