झारखंड के गिरिडीह में शुक्रवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई. वहीं, 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों की पहचान अब तक नहीं हुई है. यह दुर्घटना गिरिडीह जिले के डुमरी इलाके में इसरी बाजार की है.

पुराने जीटी रोड पर स्थित इस मुख्य बाजार में इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर घुस गया. चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और यह एक के बाद एक वाहनों और राहगीरों को रौंदता चला गया.

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम करीब 8.30 बजे इसरी बाजार में भीड़ थी. लोग खरीदारी में मशगूल थे, तो वहीं कई लोग खरीदारी करके बाजार से वापस अपने घर भी जा रहे थे. अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर करीब दर्जन भर से अधिक वाहन आए. ट्रक सड़क किनारे खड़े वाहनों और पैदल चल रहे लोगों को कुचलते हुए निकल गया. इसकी चपेट में करीब दो दर्जन लोग आ गए. मौके पर चीख-पुकार और बाजार में अफरा-तफरी मच गई. चीख-पुकार सुनकर लोग मौके की ओर दौड़े.

इसरी बाजार में घुसे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर दर्जनभर से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है.

लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस टीम भी तत्काल मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आम लोगों की सहायता से इस हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए तुरंत ही नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. बताया जाता है कि चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. इस भीषण हादसे के बाद इलाके में तनाव है. लोगों ने बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m