कुंदन कुमार, पटना। बिहार राज्यसभा चुनाव में एनडीए ने सभी पांचों सीट पर जीत हासिल की है, जिसे लेकर प्रदेश में अभी भी सियासी हलचल तेज है। इस बीच सीएम नीतीश आज मंगलवार (17 मार्च) को जनता के बीच जानें के लिए तैयार हैं। दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ जो कुछ दिनों के विराम पर थी। उसे आयाम देने के लिए आज वह भागलपुर और बांका के दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

भागलपुर को 442 करोड़ की सौगात

सीएम नीतीश की ‘समृद्धि यात्रा’सबसे पहले भागलपुर पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री खुद विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही जिले के विकास हेतु वह 442 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। सीएम नीतीश यहां, 271 करोड़ की लागत वाली 56 योजनाओं का शिलान्यास और 171 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 88 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इस दौरान सीएम नीतीश जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं और उनकी प्रगति को लेकर विस्तार से चर्चा भी करेंगे। इस दौरान वह जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।

बांका में विकास योजनाओं की बौछार

भागलपुर के बाद सीएम नीतीश की ‘समृद्धि यात्रा’बांका पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सीएम नीतीश बांका को 700 करोड़ से अधिक विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वे जिले में 591 करोड़ की लागत वाली 219 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वहीं 118 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो चुके 278 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।

कभी भी सीएम पद से दे सकते हैं इस्तीफा

गौरतलब है कि नीतीश कुमार का बतौर मुख्यमंत्री कार्यकाल अब कुछ दिनों का ही शेष बचा है। राज्यसभा चुनाव में मिली जीत के बाद अब वह कभी भी सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उनके इस्तीफा देने पर बिहार का अगला सीएम कौन होगा? इसे भी लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। मिली जानकारी के मुताबिक बिहार में बीजेपी का सीएम होगा। वहीं, डिप्टी सीएम का पद जदयू के खाते में आ सकता है। इसे लेकर दिल्ली में (अमित शाह और जदयू के वरिष्ठ अधिकारी) सबकुछ तय भी हो चुका है। बस आधिकारीक ऐलान होना बाकी है।

ये भी पढ़ें- ‘हमारे विधायकों ने धोखा दिया’, राज्यसभा चुनाव में हार के बाद तेजस्वी को बड़ा बयान, बोले- एक दिन ऐसा जरूर आएगा