देहरादून. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि दुनिया में सबसे बड़ी ताकत सत्ता नहीं, बल्कि विचारों की ताकत होती है. दुर्भाग्य है कि लगभग 10 वर्षों में देश और प्रदेश ने ऐसी तानाशाही का माहौल देखा, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया. आज की सरकार भविष्य और विकास की बात करने के बजाय देश के महान नेताओं की छवि धूमिल करने में लगी है. सच्चाई यह है कि आधुनिक भारत की मजबूत नींव बड़े बांधों, परमाणु कार्यक्रम, स्पेस मिशन, AIIMS, IITs, NITs और केंद्रीय विश्वविद्यालयों जैसी संस्थाओं ने तैयार की है, जिन्होंने देश को नई दिशा और पहचान दी.
हाल ही में गोदियाल ने प्रधानमंत्री मोदी की अपील को लेकर भी तंज कसा है. बीते दिनों उन्होंने कहा था कि ‘प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि अब सोना मत खरीदिए. लेकिन सवाल यह है कि जनता के पास सोना खरीदने लायक बचा क्या है? 13 साल सत्ता में रहने के बाद अगर सरकार को यह कहना पड़े कि विदेशी मुद्रा भंडार घट रहा है, पेट्रोलियम और जरूरी सामान खरीदने के लिए पैसे कम पड़ रहे हैं, तो यह देश की आर्थिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है. जनता सब देख रही है एक तरफ महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है, दूसरी तरफ सरकार अपनी नाकामियों का बोझ आम लोगों पर डाल रही है.’
इसे भी पढ़ें : अपराधियों के खिलाफ’ऑपरेशन प्रहार’: 1,400 से अधिक क्रिमिनल्स को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिए किन-किन मामलों मे पुलिस ने कसा शिकंजा
बता दें कि इस विषय को लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत भी सरकार पर निशाना साध चुके हैं. उनका कहना है कि प्रधानमंत्री की पेट्रोलियम पदार्थों आदि को लेकर देश के लोगों से की गई अपील लोगों तक ठीक से पहुंच भी नहीं पाई है. सत्ता रूढ़ दल स्वयं उस अपील की धज्जियां उड़ा रहा है. मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण में देश भर के मुख्यमंत्रीगण और पूंजीपतिगण अपने-अपने प्राइवेट जेट लेकर पहुंच रहे हैं. क्या प्रधानमंत्री जी की अपील केवल गैर-भाजपाई भारत के लिए है या उसमें सारा भारत सम्मिलित है?

