Bihar Crime: बिहार के भागलपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां होली खेलने ससुराल आए 3 युवकों को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतक युवकों की पहचान खगड़िया जिले के पसराहा निवासी गुलशन कुमार (20) और नीरज कुमार (24) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान अजेश कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मौक पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।

मृतक गुलशन कुमार के भाई मिथलेश मंडल ने बताया कि, होली के मौके पर उसका भाई अपने दो दोस्तों और पत्नी के साथ इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मोरकहिया स्थित ससुराल आया था। पत्नी को ससुराल छोड़ने के बाद तीनों युवक अपने मौसिया ससुराल बोरवा गए थे। वहां से बुधवार शाम करीब चार बजे वे निकले, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। रातभर खोजबीन की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।

उन्होंने बताया कि, आज गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे कलबलिया धार के पास सड़क किनारे दोनों युवकों का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- 4 साल की मासूम को काल बनकर आई कार ने रौंदा, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, भीड़ ने चार पहिया वाहन को किया चकनाचूर