परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। यह चर्चा किसी विवाद की वजह से नहीं बल्कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ‘महाराज साहब’ कहकर ज्यादा सम्मान देने की वजह से हो रही है। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।
सिंधिया ने की जनसुनवाई
दरअसल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी जिले के लुकवासा में जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्या सुनकर आवेदन ले रहे थे। सभी से आवेदन लेने के बाद वह अंत में इन्हें समेत कर पोटली में रख रहे थे। तभी शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने भरे मंच से उन्हें ‘महाराज साहब’ कहकर सम्बोधित कर दिया।
कलेक्टर बोले- महाराज साहब को आवेदन दें
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने माइक से कहा, ‘जो भी आवेदक रह गए हों, तत्काल महाराज साहब को आवेदन दें।’ फिर क्या, केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बड़ी सहजता से भरोसा जताते हुए जनता की ‘भावनाओं की पोटली’ के तौर पर शिकायती आवेदन अफसर को सौंप दिए और एक-एक पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अफसर का मंत्री के लिए इतना सम्मान अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर पर उठाए सवाल

इस मामले को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि क्या कलेक्टर शिवपुरी में सामंतवादी सोच को बढ़ावा देने आए हैं ? देश को आजाद हुए सालों हो गए ओर अब भी राजशाही सामंतवादी सोच में फंसे हैं। कलेक्टर को सामंतवादी सोच को बाहर निकालकर काम करना चाहिए क्योंकि अब देश लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है। ऐसे में अगर एक आईएएस (कलेक्टर) ऐसा सम्बोधन देता है तो गलत है।

