रोहित कश्यप, मुंगेली। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी अभियान ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत नगर पंचायत जरहागांव में आयोजित विशेष समाधान शिविर में जनता का प्रशासन पर भरोसा साफ तौर पर देखने को मिला। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त कर त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू की। शिविर में राजस्व, राशन, पेंशन, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रमिक कार्ड सहित विभिन्न विभागों से जुड़े करीब 200 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।

शिविर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, क्षेत्रीय विधायक पुन्नूलाल मोहले,अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। लोगों ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा सुधार, जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

narayana

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कही ये बात

इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सुशासन तिहार को सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाना पड़े। प्रशासनिक अधिकारी स्वयं गांव और शहरों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और अधिकतम मामलों का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।

मीडिया से बातचीतत में प्रदेश में खाद की कमी को लेकर उठ रहे सवालों पर तोखन साहू ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का असर आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ा है, लेकिन सरकार किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और किसानों को खाद उपलब्ध भी कराई जा रही है। वहीं बेमेतरा में विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा मुख्यमंत्री के सम्मान को लेकर दिए गए बयान पर उठे राजनीतिक सवालों के संबंध में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डॉ. रमन सिंह प्रदेश के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं। यदि वे किसी विषय पर कोई बात कह रहे हैं तो निश्चित रूप से वह गंभीर विषय होगा।

प्रदेश में मुंगेली नंबर वन, विधायक मोहले ने दी बधाई

विधायक पुन्नूलाल मोहले ने दावा किया कि सुशासन तिहार के तहत शिकायतों और मांगों के समाधान के मामले में मुंगेली जिला पूरे प्रदेश में नंबर वन की स्थिति में है। शिविरों में प्राप्त करीब 90 प्रतिशत आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनके लिए समय-सीमा तय की जा रही है। वहीं जो मामले नियमों के दायरे में नहीं आते, उनका समाधान संभव नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि पानी, बिजली और सड़क से संबंधित शिकायतें बड़ी संख्या में आ रही हैं, जिनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है।

राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान और श्रमिक कार्ड के ज्यादा आवेदन

अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने बताया कि शिविर में राशन कार्ड, पेंशन, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और श्रमिक कार्ड से जुड़े आवेदन बड़ी संख्या में प्राप्त हुए हैं। प्रशासन इन आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि 200 आवेदनों का प्राप्त होना इस बात का प्रमाण है कि लोगों का प्रशासन और शासन पर विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में ऐसे शिविर आयोजित कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। सुशासन तिहार के जरिए सरकार जहां जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान करने का दावा कर रही है, वहीं शिविरों में उमड़ रही भीड़ यह संकेत भी दे रही है कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस पहल को एक प्रभावी मंच के रूप में देख रहे हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H