पठानकोट. केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पठानकोट के चक्की पुल का दौरा कर वहां चल रहे मरम्मत और सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बिट्टू ने अधिकारियों से बातचीत कर रेलवे के सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “पठानकोट के चक्की रेलवे पुल पर मरम्मत और सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। सुचारू और सुरक्षित रेल संचालन हमारी प्राथमिकता है। भारतीय रेलवे यात्री सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
हाल ही में पंजाब में आई बाढ़ के कारण चक्की पुल के नीचे की मिट्टी खिसक गई थी, जिसके चलते पुल को बंद कर दिया गया था और ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई थी। बिट्टू ने इस दौरान मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इससे पहले, रवनीत बिट्टू ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर पंजाब में बाढ़ राहत कार्यों के लिए सहायता की अपील की थी। पत्र में उन्होंने लिखा कि पंजाब इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है, जिसने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारी बारिश के कारण नदियों में उफान आया है, कई गांव और शहरी क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं, और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। इस संकट ने न केवल बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि मानवीय कठिनाइयों को भी बढ़ाया है।

बिट्टू ने पत्र में कहा, “पंजाब ने हमेशा हर संकट में देश का मजबूती से साथ दिया है। आज पंजाब स्वयं संकट में है और उसे देश से उसी तरह के समर्थन की अपेक्षा है। मैं आपसे विनम्र अनुरोध करता हूं कि आप अपने राज्य से पंजाब को हर संभव सहायता तुरंत प्रदान करने के लिए आवश्यक निर्देश दें। यह आपसी सहयोग न केवल मानवीय दृष्टिकोण से जरूरी है, बल्कि हमारे संघीय ढांचे को और मजबूत करता है।”
- खरगे के लेटर का रिजिजू के जवाब पर कांग्रेस ने किया पलटवार, जयराम रमेश ने केंद्र से पूछे 3 सवाल
- रितु बराला केस में जीरो FIR पर घमासान, गहलोत-डोटासरा का रातभर धरना और आंदोलन की चेतावनी
- देओगांव के जरासिंहा में ऐतिहासिक 5 दिवसीय पाटखंडा यात्रा शुरू, ‘खंडा धुआ’ और ‘पाट सिंदूर’ परंपरा से भक्तिमय हुआ माहौल
- मानसा में नहीं मनेगा दशहरा, सूने पड़े बाजार; परविंदर झोटा हत्याकांड के विरोध में रामलीला और रावण दहन रद्द, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
- राघोपुर नाव हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले PK, बोले- मुसीबत में जनता का दर्द बांटना सरकार का काम
