शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस का एक अनोखा अंदाज़ देखने को मिल रहा है। यहां एक एएसआई गाना गाकर न सिर्फ लोगों को जागरूक कर रहे हैं, बल्कि सिग्नल पर ही उन्हें यातायात नियमों की शपथ भी दिला रहे हैं। हर शाम जेल तिराहे पर दिखने वाला यह नजारा अब लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है।
छिंदवाड़ा के जेल तिराहे पर जैसे ही सिग्नल रेड होता है, ट्रैफिक के बीच एक अलग ही आवाज़ गूंजने लगती है। यह आवाज़ है एएसआई अशोक मर्सकोले की, जो गाने के जरिए लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों का महत्व समझाते हैं। उनका यह अनोखा तरीका लोगों को आकर्षित भी कर रहा है और संदेश भी दे रहा है। सिग्नल पर रुकने वाले वाहन चालक न सिर्फ गाना सुनते हैं, बल्कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ भी लेते हैं।
हर शाम जेल तिराहे पर चलने वाली यह पहल अब जागरूकता की मिसाल बन चुकी है। पुलिस का मानना है कि अगर इसी तरह लोग नियमों का पालन करेंगे तो सड़क हादसों में भी कमी आएगी।

