कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में तीन फीट के दूल्हे विक्रम अपनी ही हाइट की दुल्हन प्रियंका से शादी करने के लिए बुलेट बाइक पर सवार होकर पहुंचे। जोडे़ के गांव पहुंचते हैं ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। जोड़ के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

हाईट की वजह से आती थी दिक्कतें

26 वर्षीय विक्रम की राह कठिन थी। अक्सर लोग उन्हें बौना कहकर पुकारते थे। हालांकि, विक्रम ने कभी इन बातों का बुरा नहीं माना और इसे ग्रामीणों का प्यार समझा। हाइट कम होने की वजह से रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था। कुछ साल पहले उनके लिए रिश्ते आए भी थे, लेकिन परिवार ने तब मना कर दिया क्योंकि विक्रम चाहते थे कि पहले उनके बड़े भाइयों का विवाह संपन्न हो।

जींद में मिली सपनों की हमसफर

विक्रम के माता-पिता लगातार अपनी जाति में उनके योग्य लड़की की तलाश कर रहे थे। आखिरकार रिश्तेदारों के सहयोग से जींद जिले के गांव हाट में प्रियंका का रिश्ता मिला। प्रियंका की उम्र 25 वर्ष है और उनकी हाइट भी विक्रम के बराबर है। दोनों के परिवारों की सहमति के बाद रविवार देर रात यह विवाह संपन्न हुआ। विक्रम के पिता दर्शन लाल ने बताया कि बेटे का घर बसने से पूरा परिवार बेहद खुश है।

जागरण मंडली में काम करते हैं विक्रम

विक्रम पेशे से एक जागरण मंडली में कलाकार हैं। उन्होंने अपनी शादी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी यह जोड़ी ईश्वर ने बनाई है। बारात में भले ही सीमित लोग शामिल थे, लेकिन गांव लौटने पर जिस तरह से स्वागत हुआ, उससे वे अभिभूत हैं। विक्रम के अनुसार, समाज में भले ही उन्हें शारीरिक कद की वजह से अलग नजर से देखा गया हो, लेकिन आज उनकी शादी ने यह साबित कर दिया कि हर किसी के लिए कोई न कोई साथी जरूर बना है।

गांव के लिए बना यादगार पल

विक्रम और प्रियंका की यह जोड़ी अब इलाके में मिसाल बन गई है। पूरे गांव ने इस जोड़े को आशीर्वाद दिया और खुशियां मनाईं। घर में नई बहू के आगमन पर उत्सव जैसा माहौल रहा। यह शादी संदेश देती है कि शारीरिक कमियां खुशियों के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं।