अभिषेक सेमर, तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर के लोखंडी में बिना कीटनाशक लाइसेंस के बड़ी मात्रा में कीटनाशक भंडारण के मामले में अब आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में कृषि विभाग पहले ही कार्रवाई कर चुका था। किराए के मकान में बड़ी मात्रा में कीटनाशक मिलने के बाद सात नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में सभी सात नमूने मिसब्रांडेड पाए गए। इसके बाद विभागीय आवेदन के आधार पर सकरी थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मामला सकरी तहसील के ग्राम लोखंडी का है। 20 अगस्त को कृषि विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर एक किराए के मकान में छापामार कार्रवाई की थी। लोखंडी निवासी मनीष रजक के मकान को किराए पर लेकर आशु सिंह, पिता राम सिंह, निवासी दीनदयाल कॉलोनी मंगला, बिलासपुर द्वारा बिना लाइसेंस कीटनाशकों का भंडारण किए जाने की शिकायत मिली थी।

कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में कीटनाशक सामग्री के साथ कुछ एक्सपायर्ड कीटनाशक भी मिले थे। विभाग ने पंचनामा तैयार कर सामग्री जब्त की और परिसर को सील कर दिया था।

जांच के लिए भेजे गए थे 7 नमूने

कार्रवाई के दौरान लिए गए सात कीटनाशक नमूनों को जांच के लिए राजनांदगांव स्थित राज्य कीटनाशी गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला भेजा गया था। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में सभी सात नमूने मिसब्रांडेड पाए गए। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कृषि विभाग ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सकरी में आवेदन दिया।

अब दर्ज हुई FIR

कीटनाशक, खाद एवं बीज निरीक्षक सह कृषि विकास अधिकारी शिल्पा श्रीवास्तव के आवेदन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 286 के तहत आरोपी आशु सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यानी बिना लाइसेंस कीटनाशक भंडारण के मामले में पहले विभागीय कार्रवाई की गई और अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस ने प्रकरण को विवेचना में लिया है। कीटनाशकों के स्रोत, खरीद-बिक्री और भंडारण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

लोखंडी में बिना लाइसेंस कीटनाशक भंडारण के मामले में कार्रवाई पहले ही की जा चुकी थी, लेकिन अब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सातों नमूनों के मिसब्रांडेड पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H