राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की चिचोला पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मामले का खुलासा किया है। रामपुर निवासी प्रेमलाल साहू की संदिग्ध मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या की सोची-समझी साजिश थी। मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सड़क किनारे मिला था शव
मामला चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र का है। 10 अगस्त की रात महाराजपुर भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे गड्ढे में प्रेमलाल साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उसके चेहरे, नाक और माथे से खून बह रहा था। शव के पास खून से सना एक भारी पत्थर भी बरामद हुआ था।

मृतक के भाई ओमप्रकाश की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटना को लेकर संदेह हुआ, जिसके बाद विभिन्न पहलुओं से पड़ताल की गई। जांच आगे बढ़ने पर हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
पति को रास्ते से हटाने की रची साजिश
मामले में एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू का उसी के गांव के एक युवक के साथ संबंध था। पुलिस के अनुसार, दोनों के रिश्ते में पति के रोड़ा बनने के चलते उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। दोनों ने हत्या की नीयत से प्रेमलाल पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


