आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के लिए सितंबर के अंतिम सप्ताह से विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन शुरू करने की घोषणा की है. पार्टी अक्टूबर से बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेशव्यापी जन-यात्रा भी निकालेगी.

सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने तैयारी शुरू कर दी है. आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि सितंबर के अंतिम सप्ताह से पूरे उत्तर प्रदेश में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों की शुरुआत की जाएगी.

उन्होंने कहा कि पार्टी कितनी सीटों पर और किस रणनीति से चुनाव लड़ेगी, इस पर राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और केंद्रीय नेतृत्व से विस्तार से चर्चा की जाएगी.

बुधवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दे उठाने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई.

बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने योगी सरकार पर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और नफरत की राजनीति का आरोप लगाते हुए पार्टी के तीन बड़े कार्यक्रमों की घोषणा की. इस मौके पर दिल्ली के पूर्व विधायक व यूपी सह-प्रभारी दिलीप पांडेय, सह-प्रभारी विशेष रवि, दिल्ली विधायक सुरेंद्र चौधरी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, महासचिव दिनेश सिंह पटेल समेत प्रांत प्रभारी, जिला अध्यक्ष, प्रकोष्ठ पदाधिकारी और पूर्व प्रत्याशी मौजूद रहे.

27 सितंबर को भगत सिंह जयंती कार्यक्रम

इस मौके पर संजय सिंह ने घोषणा की कि 27 सितंबर को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर प्रदेश के सभी जिलों में विचार गोष्ठियां और बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य युवाओं को भगत सिंह के विचारों से जोड़ना और समाज सेवा का संदेश देना है.

अक्टूबर से प्रदेशव्यापी यात्रा

उन्होंने बताया कि अक्टूबर से आम आदमी पार्टी बेरोजगारी, भाजपा की नफरत की राजनीति, महंगाई, सामाजिक अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेशव्यापी जन-यात्रा निकालेगी. संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सहारनपुर, संभल, मुरादाबाद और मेरठ में माहौल बिगाड़कर हिंदू-मुस्लिम विवाद पैदा करना चाहती है, क्योंकि उनके पास विकास का एजेंडा नहीं है.

उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि राम पथ गमन मार्ग टूट गया और मंत्री कहते हैं सड़क बनेगी तो धंसेगी और धंसेगी तो बनेगी. उन्होंने जल जीवन मिशन के कथित घोटाले, बरेली में पानी की टंकी बहने और मंदिर, सड़क, स्कूल, अस्पताल समेत विभिन्न क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के आरोप दोहराए.

बेरोजगारी और शिक्षा पर हमला

संजय सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा में दो लाख से अधिक पद खाली हैं, फिर भी भर्तियां नहीं हो रही हैं. प्रयागराज में डीएलएड प्रशिक्षित युवा आंदोलन कर रहे हैं और 15 लाख डीएलएड युवा बेरोजगार हैं.

इंटर कॉलेजों में अचानक बीएड की अनिवार्यता लगाकर सात लाख पीजी छात्रों को शिक्षक भर्ती से बाहर कर दिया गया है. पार्टी ने इन छात्रों को कम से कम दो साल की मोहलत देने की मांग की.

उन्होंने कहा कि मोदी और योगी का असली नारा है- अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया.