अनमोल मिश्रा, Satna/Chitrakoot. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह भगवान कामतानाथ की शरण में पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चित्रकूट की पावन धरा पर उतरे सीएम योगी ने न सिर्फ भगवान कामदगिरि में शीष नवाया, बल्कि भक्ति भाव में लीन होकर पवित्र परिक्रमा भी पूरी की। रामलला की तपोभूमि पर भगवाधारी मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

भक्ति का सफर; संतों के साथ की 5 किमी पदयात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्रकूट दौरा पूरी तरह अध्यात्म और सादगी के रंग में रंगा नजर आया। उनके इस दौरे की मुख्य बातें इस प्रकार रहीं:

बरहा हनुमान मंदिर में शीष नवाया: सीएम योगी सुबह करीब 7:10 बजे सबसे पहले बरहा हनुमान मंदिर पहुंचे। यहाँ उन्होंने विधि-विधान से बजरंगबली की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।

5 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा: मंदिर में मत्था टेकने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री कामदगिरि की करीब 5 किलोमीटर लंबी पवित्र परिक्रमा के लिए पैदल ही निकल पड़े।

साधु-संतों का साथ: परिक्रमा के दौरान सीएम योगी पूरी तरह एक साधक के रूप में नजर आए। वे मार्ग में मौजूद साधु-संतों और सुरक्षा अधिकारियों के साथ लगातार पैदल चलते रहे।

रास्ते भर गूंजा ‘जय श्रीराम’, बंदरों को खिलाया चना

योगी आदित्यनाथ के परिक्रमा मार्ग पर कदम रखते ही पूरा चित्रकूट राममय हो गया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर श्रद्धालु निहाल हो गए। परिक्रमा मार्ग में कई जगहों पर लोगों ने खड़े होकर सीएम योगी पर गुलाब के फूलों की बारिश की।

रामभक्ति के इस सफर में सीएम योगी का एक बेहद आत्मीय रूप भी देखने को मिला। उन्होंने परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह मौजूद बंदरों को अपने हाथों से चना खिलाया।

पूरे मंदिर परिसर और 5 किलोमीटर के रास्ते में श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जमकर जयघोष किए, जिससे माहौल बेहद आध्यात्मिक हो गया।

चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा, बांदा के लिए रवाना

एक राज्य के मुख्यमंत्री की मौजूदगी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। पूरे 5 किलोमीटर के परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के ऐसे कड़े और व्यापक इंतजाम किए गए थे कि परिंदा भी पर न मार सके। अपनी यह धार्मिक यात्रा और परिक्रमा सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्रकूट से बांदा के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m