मुजफ्फरपुर। उत्तर प्रदेश से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मुरादाबाद-संभल रोड पर सिर्फ 500 की मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक ट्रक ड्राइवर ने बिहार के युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले 28 वर्षीय इस्तेखार आलम उर्फ सोनल के रूप में हुई है। शुक्रवार देर रात जैसे ही युवक का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और मातमी सन्नाटा पसर गया।
पांच साल से यूपी में चला रहा था पंचर की दुकान
मृतक इस्तेखार आलम पिछले करीब पांच वर्षों से उत्तर प्रदेश के डींगरपुर में मुरादाबाद-संभल रोड के किनारे टायर पंचर की दुकान चलाता था। वह दुकान से होने वाली कमाई से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसके साथ गांव के ही कुछ अन्य लोग भी वहां रहकर काम करते थे। गुरुवार को एक ट्रक ड्राइवर उसकी दुकान पर पंचर बनवाने आया था। काम पूरा होने के बाद जब इस्तेखार ने अपनी मेहनत के 500 मांगे, तो ड्राइवर टालमटोल करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर ताबड़तोड़ किया चाकू से हमला
पैसों को लेकर बढ़ा विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्साए ट्रक ड्राइवर ने अचानक धारदार चाकू निकाला और इस्तेखार पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में बुरी तरह जख्मी इस्तेखार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस खूनी वारदात को देख आसपास के लोग भड़क गए। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने भाग रहे आरोपी ड्राइवर को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
बकरीद पर घर आने की थी तैयारी
मृतक के चाचा मोहम्मद नबी ने रोते हुए बताया कि इस्तेखार अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। वह इसी महीने आने वाले बकरीद के त्योहार पर घर आने की जोर-शोर से तैयारी कर रहा था। इस्तेखार की शादी महज तीन साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी भी है। पति की अचानक मौत की खबर सुनकर पत्नी बेसुध पड़ी है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि अपनी ईमानदारी की मेहनत के पैसे मांगने की इस्तेखार को इतनी खौफनाक सजा मिलेगी, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।

