लखनऊ. उत्तर प्रदेश के 12 लाख से अधिक राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले बोनस मिलने की उम्मीद है. योगी सरकार बोनस के साथ महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) बढ़ाने की तैयारी में है. हालांकि, इन फैसलों को लेकर आधिकारिक आदेश जारी होना बाकी है. शासन से नवरात्रि की छुट्टियों के बाद आदेश जारी होने की संभावना जताई जा रही है.
अराजपत्रित कर्मचारियों को मिल सकता है बोनस
जानकारी के मुताबिक, इस बार कर्मचारियों को 3,400 से 7,000 रुपये तक बोनस मिल सकता है. बोनस का लाभ अराजपत्रित(Non-gazetted) कर्मचारियों को दिए जाने की बात कही जा रही है. इसकी राशि वेतन से अलग कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जा सकती है. रेलवे कर्मचारियों के बोनस की घोषणा के बाद यूपी के राज्य कर्मचारियों को भी आदेश का इंतजार है.
DA और DR में 3 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद
राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ने की भी उम्मीद है. अनुमान है कि इस बार DA-DR में 3 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है. यदि 25 अक्टूबर से पहले आदेश जारी हो जाता है, तो नवंबर में मिलने वाले अक्टूबर के वेतन और पेंशन में बढ़ा हुआ DA-DR शामिल हो सकता है. फिलहाल 12 लाख से अधिक कर्मचारी और 6 लाख से ज्यादा पेंशनर फैसले का इंतजार कर रहे हैं.
चार लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को भी फायदा
आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की भी उम्मीद है. जानकारी के अनुसार, करीब चार लाख कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सकता है. बढ़ा हुआ वेतन नवंबर में मिलने की संभावना है. इस संबंध में आउटसोर्स सेवा निगम की ओर से आदेश जारी होने का इंतजार है.
दिवाली से पहले मेडिकल बिलों के भुगतान का निर्देश
राज्य सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के पुराने मेडिकल बिलों के भुगतान को लेकर भी निर्देश दिए हैं. शासन ने 31 अक्टूबर तक लंबित चिकित्सा दावों का निस्तारण करने को कहा है. 30 सितंबर तक जरूरी दस्तावेजों के साथ जमा दावों की जांच कर इसी महीने भुगतान करने की बात कही गई है. बोनस और DA-DR बढ़ोतरी पर अंतिम स्थिति आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

