प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति सोमवार को उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान बाबा महाकाल का दर्शन किया। साथ ही विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति की ओर से मंत्री धर्मवीर प्रजापति का स्वागत एवं सत्कार किया गया।

मंदिर की व्यवस्था की तारीफ की

दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि पहले की तुलना में अब मंदिर की व्यवस्थाएं काफी बेहतर हुई हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि महाकाल की कृपा से यहां आने वाले भक्तों को सहज और व्यवस्थित दर्शन मिल रहे हैं।

देशभर के श्रद्धालुओं से बाबा महाकाल के दर्शन का आग्रह

उन्होंने मंदिर प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मचारियों और सेवकों की भी सराहना की। मंत्री प्रजापति ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जिसके लिए पूरी टीम साधुवाद की पात्र है। राज्यमंत्री ने देशभर के श्रद्धालुओं से उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन करने का आग्रह भी किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m