उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आंधी-तूफान से 56 जिलों में भारी नुकसान हुआ है, जहां 1021 मकान क्षतिग्रस्त हुए और कई लोगों की जान गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने राहत कार्य तेज करते हुए प्रभावित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के बीच राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में तेजी ला दी है. प्रशासनिक अमला संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है.

राहत आयुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को सभी जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों से सीधा संपर्क स्थापित किया जाए और उनकी समस्याओं का निपटारा बिना देरी किए किया जाए.

रिकॉर्ड स्तर पर बारिश दर्ज

अधिकारियों के मुताबिक 25 से 27 सितंबर की सुबह के बीच प्रदेश में औसतन 66.5 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य 7.6 मिलीमीटर की तुलना में करीब 775 प्रतिशत ज्यादा है. प्रदेश के कुल 75 जिलों में से 56 जिलों में अत्यधिक बारिश रिकॉर्ड की गई.

सबसे ज्यादा असर फर्रुखाबाद में देखा गया, जहां सामान्य से 7,385 प्रतिशत अधिक बारिश हुई. इसके अलावा कन्नौज में 5,664 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 4,408 प्रतिशत, हमीरपुर में 4,240 प्रतिशत और महोबा में 4,100 प्रतिशत तक अधिक वर्षा दर्ज की गई.

1021 मकानों को नुकसान

तेज आंधी-तूफान और अत्यधिक बारिश के कारण प्रदेशभर में कुल 1021 मकान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है. सबसे ज्यादा हरदोई में 272 मकान प्रभावित हुए, जबकि सीतापुर में 108 और चंदौली में 75 मकानों को नुकसान पहुंचा.

इसके अतिरिक्त औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 और बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त हुए. प्रशासन को फसलों के नुकसान का तुरंत सर्वे कर नियमानुसार मुआवजा देने का निर्देश दिया गया है.

बचाव अभियान जारी

राहत आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञों को मौके पर मौजूद रहकर निगरानी करने को कहा है. राहत सामग्री और तय सहायता राशि का वितरण प्राथमिकता के आधार पर करने के आदेश दिए गए हैं.

जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बचाव कार्य लगातार चल रहा है. लोगों से आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क करने की अपील की गई है.

पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आपदा प्रभावित परिवारों तक तुरंत सहायता पहुंचाई जा रही है. अयोध्या और बस्ती में आंधी-पानी से प्रभावित परिवारों से मिलने जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही खुद पहुंचे.

उन्होंने घटना के 24 घंटे के भीतर ही दैवीय आपदा राहत कोष से प्रभावित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद के चेक सौंपे. अयोध्या में तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि बस्ती में भी दो प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई.