उत्तर प्रदेश शासन ने शुक्रवार को दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है. भवानी सिंह खंगारौत को गन्ना आयुक्त एवं चीनी निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि मिनिस्ती एस को सचिव वित्त की जिम्मेदारी दी गई है.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को शासन स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है. जारी आदेश के मुताबिक, भवानी सिंह खंगारौत को गन्ना आयुक्त एवं उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. वहीं, मिनिस्ती एस को सचिव वित्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इस बदलाव के तहत अब तक सचिव वित्त का दायित्व संभाल रहे भवानी सिंह खंगारौत को नई जिम्मेदारी दी गई है. दूसरी ओर, गन्ना आयुक्त एवं उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रहीं मिनिस्ती एस को वित्त विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है.

कौन हैं भवानी सिंह?

भवानी सिंह खंगारौत उत्तर प्रदेश कैडर के 2010 बैच के IAS अधिकारी हैं. उन्होंने वर्ष 2009 में UPSC सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी. राजस्थान के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक करने वाले खंगारौत प्रशासनिक सेवा में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं.

वे मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक के अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में निदेशक (प्रशासन) और वित्त विभाग में सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. अब उन्हें गन्ना आयुक्त के साथ उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का कार्यभार सौंपा गया है.

कौन हैं मिनिस्ती एस?

मिनिस्ती एस उत्तर प्रदेश कैडर की 2003 बैच की वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं. मूल रूप से केरल की रहने वाली मिनिस्ती ने इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक और पर्सनल मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है.

प्रशासनिक सेवा के दौरान वे फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर की जिलाधिकारी रह चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने खाद्य एवं रसद विभाग, स्टांप एवं पंजीकरण विभाग और वाणिज्य कर विभाग में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं.

अब शासन ने उन्हें सचिव वित्त के पद पर तैनात किया है. इस फेरबदल के बाद दोनों अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां निर्धारित हो गई हैं.