लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई शुरू हो गई है. पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों से मानसून लौट चुका है, जिससे बारिश की गतिविधियां कमजोर हुई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आज 30 सितंबर को 7 जिलों श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज में छिटपुट बारिश हो सकती है. आगे के दिनों के लिए पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोई चेतावनी नहीं है. हालांकि, हाल की भारी बारिश के बाद कई नदियां उफान पर हैं और कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें- यूपी के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर: अक्टूबर के बिल में 5.24% की छूट, जानिए वजह

कुशीनगर में 20 फीट बांध टूटा

कुशीनगर में नारायणी (बड़ी गंडक) नदी के बढ़े जलस्तर के दबाव से एपी तटबंध का करीब 20 फीट हिस्सा टूट गया. इससे छह से अधिक गांवों में पानी फैल गया और करीब 20 हजार की आबादी प्रभावित हुई. प्रशासन और बचाव दल तटबंध की मरम्मत और राहत कार्य में जुटे हैं.

सीएम योगी ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर के प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की. उन्होंने अधिकारियों को तटबंध की मरम्मत और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए.

गोंडा और उन्नाव में भी पानी का असर

गोंडा में घाघरा और सरयू का जलस्तर बढ़ने से तटबंधों पर कटान का खतरा बना हुआ है. कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने से आवागमन प्रभावित है और ग्रामीणों के लिए नावें लगाई गई हैं. उन्नाव में गंगा का जलस्तर बढ़ने से गांवों और मोहल्लों में पानी घुसने की स्थिति बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में आग बुझने के बाद गोदाम से मिला मजदूर का कंकाल, आक्रोशितों पर पुलिस का लाठीचार्ज

बाराबंकी-बिजनौर में भी बाढ़ का कहर

बाराबंकी के हेतमापुर में सरयू नदी के तेज बहाव से कटान जारी है. बिजनौर में गंगा का पानी स्टेट हाईवे तक पहुंच गया है. बदायूं में तेज बहाव से सड़क का हिस्सा बहने की खबर है. वहीं अमेठी, रामपुर और बदायूं में सुबह धुंध और कोहरे का असर भी देखने को मिला. मानसून की वापसी के साथ प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने की ओर बढ़ रहा है, हालांकि स्थानीय परिस्थितियों के चलते कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है.