कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर । जिले के बरसठी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात में 25 वर्षीय युवक की सीने और पेट में कई वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
चाकुओं से किया ताबड़तोड़ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरसठी थाना क्षेत्र निवासी राजेश शुक्ला का 25 वर्षीय पुत्र शिवम शुक्ला रविवार दोपहर गांव के प्राइमरी स्कूल की बाउंड्री के पास बैठा था। तभी कुछ लोग उसे बहला-फुसलाकर मंगरमू रोड स्थित उसके घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों की आड़ में ले गए। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवम किसी तरह जान बचाकर घर की ओर भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर लहूलुहान होकर सड़क किनारे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है।
READ MORE: रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेक! दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, एक युवक की मौके पर मौत
परिवार में मचा कोहराम
बताया जा रहा है कि शिवम चार भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। वह परिवार का सबसे जिम्मेदार सदस्य माना जाता था और घर पर ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक दिन पहले दी गई थी जान से मारने की धमकी
मृतक की बहन ज्योति और मां ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम महेंद्र कुमार और उसके परिजन घर पर आए थे और जान से मारने की धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि शिवम का महेंद्र कुमार की बेटी से बातचीत होती थी। इस बात की जानकारी होने पर लड़की के परिजनों ने आपत्ति जताई और कथित रूप से धमकी दी कि “तुम्हारे लड़के को मार देंगे। परिजनों का आरोप है कि रविवार को शिवम को बुलाकर घर से थोड़ी दूर ले जाया गया और दिनदहाड़े सीने और पेट में कई बार चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
READ MORE: विवादित भूमि को लेकर बवाल: यथास्थिति आदेश के बाद भी निर्माण, पुलिस और ग्रामीणों में टकराव, महिलाओं पर लाठीचार्ज के आरोप
घटनास्थल से अहम साक्ष्य बरामद
जहां वारदात को अंजाम दिया गया, वहां से पुलिस को शराब और पानी की बोतलें तथा चाकू की टूटी हुई मुठिया बरामद हुई है, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस संदिग्ध आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। शक के आधार पर एक संदिग्ध युवक के घर भी पुलिस ने दबिश दी। आरोप है कि तलाशी के दौरान उसके कपड़ों पर खून के निशान पाए गए, हालांकि वह घर पर नहीं मिला। पुलिस ने परिजनों से उसे तत्काल पेश करने को कहा है।
READ MORE: ‘ये मेरी कब्र खोदना चाहते हैं…’, पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला, कहा- इन्हें मेरी मां को गाली देने से कोई परहेज नहीं है
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा बरसठी प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव मड़ियाहूं प्रभारी निरीक्षक अमीत सिंह और रामपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सुरेरी प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा नेवड़िया थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदीकी पुलिस मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और हत्या के जल्द खुलासे का दावा कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या से क्षेत्र में दहशत और लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें


