अनूप मिश्रा, बहराइच. जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच मार्ग पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार और टेंपो की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

इसे भी पढ़ें- योगी जी ऐसे कैसे आएगा रामराज? छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगई, युवकों ने मामा-भांजी को लाठी-डंडों से पीटा, यही है जीरो टॉलरेंस नीति!

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे कैसरगंज थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में टेंपो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में इलाज के दौरान 13 वर्षीय किशोरी सोनम ने दम तोड़ दिया. घटना में सोनम के 8 वर्षीय भाई फैजान और टेंपो चालक शफीक की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया था. मंगलवार देर रात इलाज के दौरान फैजान और शफीक की भी मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें- कौन क्या खाएगा, सिस्टम तय करेगा! KGMU हॉस्टल में नॉनवेज पर रोक, छात्रों ने उठाए सवाल, विपक्ष ने सरकार को घेरा

वहीं हादसा इतना भीषण था कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए. मृतकों में जरवल रोड थाना क्षेत्र निवासी अखलाक अहमद की बेटी सोनम और बेटा फैजान शामिल हैं. बताया जा रहा है कि अखलाक अहमद अपनी पत्नी नाजरून (35 वर्ष) और बच्चों के साथ बहराइच से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. हादसे में अखलाक अहमद और उनकी पत्नी नाजरून गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है. वहीं दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. कैसरगंज थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।इस दर्दनाक हादसे से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.