अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के सरेहुआ कला गांव में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर करीब 20 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- UP में ‘बेजान’ सरकार का ‘मुर्दा’ सिस्टम! न्याय के लिए 99 दिन से खुले आसमान के नीचे बैठी है बूढ़ी मां और विधवा पत्नी, यही है योगी सरकार का ‘सुशासन’?

बता दें कि सरेहुआ कला निवासी अनिल पांडेय गांव में ही सड़क किनारे पशु आहार की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी पत्नी उसी स्थान पर ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं. हर रोज की तरह परिवार के सभी सदस्य घर में ताला बंद कर दुकान पर चले गए और बेटी सानिया पांडेय स्कूल चली गई. दोपहर करीब दो बजे सानिया स्कूल से लौटकर दुकान पहुंची और मां के साथ खाना खाने घर आई. घर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश करते ही दोनों के होश उड़ गए. घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी और बक्से खुले थे. इसी बीच छत पर किसी के चलने की आवाज सुनकर सानिया छत पर गई तो चार-पांच नकाबपोश युवक पड़ोस के अर्धनिर्मित मकान में कूदकर भागते दिखाई दिए. सानिया ने तुरंत पिता को सूचना दी, जिसके बाद अनिल पांडेय घर पहुंचे और 112 नंबर पर पुलिस को खबर दी.

इसे भी पढ़ें- ‘बैठ जाइए वरना…’, UP विधानसभा में मंत्री-स्पीकर के बीच तीखी नोकझोंक, सतीश महाना ने दिनेश प्रताप और नरेंद्र कश्यप को फटकारा, कहा- पद पर रहने का क्या औचित्य

पीड़ित के अनुसार चोर दो जोड़ी सोने की चूड़ियां, दो मंगलसूत्र, मांग टीका, चार सोने की चेन, अंगूठियां, सोने का नेकलेस समेत अन्य कीमती जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. चोरी की कुल कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. घटना के बाद परिवार सदमे में है और घर की महिलाएं रो-रोकर बेहाल है. मौके पर पहुंचे कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि शिकायतकर्ता का घर गांव के बीच स्थित है, ऐसे में दिन में चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है. हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है.