अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र स्थित गजधरा गांव में दोस्ती का खौफनाक अंत हुआ. शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक दोस्त ने दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें गंभीर रूप से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक के साथ तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कह रही है.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव जी, आपकी बेचैनी अब… ओपी राजभर का सपा सुप्रीमो पर तीखा हमला, गंभीर आरोप लगाते हुए दे डाली नसीहत

जानकारी के अनुसार, गजधरा गांव निवासी 65 वर्षीय कोमल तिवारी अपने मित्र फत्तेपुर खुर्द निवासी अमरनाथ यादव के साथ रज्जुपुर स्थित देशी शराब की दुकान पर गए थे. दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, लेकिन इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अमरनाथ यादव ने धारदार हथियार से कोमल तिवारी पर हमला कर दिया.

इसे भी पढ़ें- 27 क्या, 47 तक CM बनने का सपना… अखिलेश यादव पर केशव मौर्य का तंज, जानिए डिप्टी CM ने ऐसा क्या कहा?

हमले में गंभीर रूप से घायल कोमल तिवारी को स्थानीय लोगों की मदद से पहले जिला चिकित्सालय चंदौली ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए, उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया. परिजन तत्काल उन्हें ट्रामा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इलिया पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.