अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया, जब चलती दून एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में गिर गई. घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इसे भी पढ़ें- ‘जनता भाजपाइयों का भाषण सुनने के मूड में नहीं…’, अखिलेश ने बोला हमला, कहा- इनके झूठे नायकत्व का सारा मायाजाल हो गया तार-तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ट्रेन के चलने के बाद उसमें चढ़ने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच जा गिरी. यह दृश्य देखकर यात्रियों ने तत्काल शोर मचाया और लोको पायलट को सतर्क किया. यात्रियों की आवाज सुनते ही लोको पायलट ने बिना देर किए ट्रेन को तत्काल रोक दिया. इसके बाद मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान तुरंत सक्रिय हुए और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बच गई.
इसे भी पढ़ें- तुम हमें आस्था बताओगे? विपक्ष पर बरसे CM योगी, कहा- ये राम नवमी पर दंगा करवाते थे और श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर…
घटना में महिला को हल्की चोटें आईं, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी. महिला की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है. घटना के बाद जीआरपी और रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें. थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से चढ़ें या उतरें और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें.
देखें वीडियो-

