झांसी. शादी के वक्त दंपत्ति को साथ जीने-मरने की कसमें खाते सुना और देखा होगा. इस मामले में बिल्कुल यही चीज देखने को मिली है. जहां पति की मौत के 10 मिनट बाद सदमे में पत्नी ने भी अपना दम तोड़ दिया. जिसके बाद दोनों की अर्थी एक साथ निकाली गई. इतना ही नहीं दोनों का अंतिम संस्कार भी एक साथ किया गया. अब ये मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
बता दें कि पूरा मामला थाना पूंछ के धौरका गांव का है. जहां बीमारी की वजह से रतिराम खंगार (75 वर्ष) नामक बुजुर्ग काफी दिन से बीमार चल रहे थे. तबियत खराब होने की जानकारी मिलते ही परिजन उनके बिस्तर के बाजू में बैठ गए. जहां पत्नी जानकी (73 वर्ष) भी मौजूद थीं.
इस दौरान रतिराम ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया. पति के दम तोड़ते ही पत्नी जानकी जोर-जोर से चिल्लाने लगी और 10 मिनट बाद अचेत होकर जमीन में गिर पड़ीं. जिसके बाद बेटों ने देखा तो मां भी दुनिया छोड़ चुकी थी. मामले की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए. जिसने भी घटना सुनी उनकी आंखें नम हो गई.

