लखनऊ. अखिलेश यादव ने चुनावी प्रक्रिया में धांधली करने का आरोप लगाते हुए बीजेपी पर हमला बोला. अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए समाजवादियों को मल्टीलेयर इलेक्शन माफियाओं से लड़ना है. चुनाव में मल्टीलेयर चुनाव माफिया काम कर रहे हैं. संवैधानिक संस्थाओं की साख बचाने लिए हम सबको मिलकर इनसे मुकाबला करना है. भाजपा नकारात्मक और समाज में दरारवादी पार्टी है. समाजवादी पार्टी की मांग है, जब अमेरिका, इंग्लैण्ड, जर्मनी में वोट बैलेट से पड़ता है तो यहां भी वोट बैलेट से पड़े. समाजवादी पार्टी ने सबको साथ लेकर लोकसभा चुनाव में भाजपा को ईवीएम से हराया है. समाजवादी पार्टी फिर भाजपा को ईवीएम से हराकर ईवीएम को हटाने का काम करेगी.

इसे भी पढ़ें- ‘कांग्रेस का हाथ संविधान विरोधी कट्टरों के साथ’… राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में लगे पोस्टर, मचा बवाल

आगे अखिलेश यादन ने कहा, साल लगे या सदी हम ईवीएम को हटाकर रहेंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर से जनता का जेब काट रही है. बिजली नहीं आती लेकिन स्मार्ट मीटर चलता रहता है. पता चला है कि स्मार्ट मीटर को रिमोट से भी चलाया जा सकता है. जब स्मार्ट मीटर से बेईमानी हो रही है तो ईवीएम से क्यों नहीं हो सकती है? भाजपा के अनरजिस्टर्ड संगी-साथियों, जिन्होंने जीवन भर खुफियागीरी की, वे झूठा माहौल बनाते हैं. भाजपा झूठ की सोनपापड़ी है. एक झूठ पर दूसरे झूठ की परत चढ़ा देती है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सबको साथ लेकर पीडीए की ताकत से लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया है. अब विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को हराएगी.

यूपी में इंडिया गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन बहुत अच्छा और मजबूत रहेगा. हम मिलकर जनता का साथ लेकर भाजपा को हराएंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीवादी और साम्प्रदायिक पार्टी है. जब भाजपा का गठन हुआ था, तब अध्यक्षीय भाषण में कहा गया था कि वह समाजवादी विचारधारा और सेकुलर रास्ते पर चलेगी, लेकिन यह भाजपा का दिखावा था. सच्चाई में भाजपा कम्युनल और कैपटलिस्ट है. भाजपा बड़े-बड़े उद्योगपतियों और धन्ना सेठों को अपनी नीतियों के माध्यम से लाभ पहुंचा रही है. गैस सिलेण्डर का दाम बढ़ाने के बाद जल्दी डीजल-पेट्रोल की कीमत बढ़ाएगी. भाजपा मुनाफाखोरी करा रही है.

इसे भी पढ़ें- UP में ‘तानाशाह’ सरकार! पूर्व प्रधान की हत्या के बाद परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेसी नेताओं को पुलिस ने रोका, ये कहां का सुशासन है योगी जी?

आगे अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि इस सरकार ने लखनऊ के प्लासियो माल, किसान बाजार, सब बेच दिया. जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी बेचने के लिए हुआ है. भाजपा और उद्योगपतियों का गैंग बन गया है. ये सब गैंग की तरह काम कर रहे हैं. जनता भाजपा को हराएगी और परिवर्तन लाएगी. भाजपा ने स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को ठगा है, लूटा है. इस सरकार ने बिजली नहीं बनाई, उत्पादन नहीं बढ़ाया. स्मार्ट मीटर से बिल ज्यादा वसूला. हम उन माताओं को बधाई देते हैं, जिन्होंने स्मार्ट मीटर उखाड़ कर फेंक दिया. समाजवादी सरकार आने पर तीन सौ यूनिट तक बिजली मुफ्त रहेगी. समाजवादी सरकार में टाण्डा, हरदुआगंज, ललितपुर, प्रयागराज मेजा, घाटमपुर, एटा में थर्मल पावर प्लांट लगाए गए. ट्रांसमिशन लाइन बिछाई गई. सब स्टेशन बनाए गए. भाजपा ने कोई काम नहीं किया केवल बिजली का बिल वसूला.