लखनऊ. लालबाग स्थित नए विधायक निवास में मंगलवार को एक घटना में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ से जुड़े दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री नानकदीन भुर्जी की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई.
इसे भी पढ़ें- घोर कलयुग है! बहू ने सास को जमीन पर घसीटकर पीटा, क्रूरता का VIDEO वायरल
जानकारी के अनुसार, नानकदीन भुर्जी संदिग्ध परिस्थितियों में विधायक निवास की सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया. हादसे में उनके दोनों पैर बुरी तरह टूट गए थे. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.पी. गुप्ता ने बताया कि नानकदीन भुर्जी को अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकीय परीक्षण में उन्हें “ब्रॉट डेड” घोषित किया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- लखनऊ में बनेगा भारत का पहला ‘Lucknow Eye’, बदल जाएगी शहर की पहचान
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.


