पीलीभीत। पीलीभीत मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में मंगलवार को एकतरफा प्रेम के शक में सनसनीखेज वारदात सामने आई। पैरामेडिकल टेक्निशियन प्रथम वर्ष की छात्रा कशिश पटेल (24) की उसके सहपाठी सागर सिंह ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची महिला कर्मचारी निधि भी हमले में घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
चाकू से गर्दन और पेट पर कई वार किए
बरेली जिले के केसरपुर गांव निवासी कशिश पटेल पिछले 10 महीने से पीलीभीत में रहकर सीटी स्कैन टेक्निशियन का कोर्स कर रही थी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में मौजूद थी। तभी उसका सहपाठी सागर सिंह, निवासी मेडुआ (अरौल), कानपुर देहात, वहां पहुंचा और अचानक चाकू से उसकी गर्दन और पेट पर कई वार कर दिए।
READ MORE: ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ से शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास को मिलेगी रफ्तार, विधान परिषद ने किया समर्थन
सुरक्षा गार्डों ने आरोपी को दबोचा
हमले के बाद कशिश जान बचाने के लिए भागी, लेकिन कुछ दूरी पर लहूलुहान होकर गिर पड़ी। उसकी चीख सुनकर अस्पताल की महिला कर्मचारी निधि बचाने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ की कलाई घायल हो गई। शोर सुनकर अस्पताल कर्मियों और सुरक्षा गार्डों ने आरोपी को दबोच लिया।
गंभीर रूप से घायल कशिश को पहले जिला अस्पताल और फिर बरेली के एक निजी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल कर्मचारी निधि का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
READ MORE: सोनम वांगचुक के समर्थन में आप का बड़ा ऐलान, 20 जुलाई को यूपी के हर जिले में सड़क पर उतरेगी पार्टी
सभी पहलुओं की कर रही जांच
घटना की सूचना पर एसपी सुकीर्ति माधव, एएसपी विक्रम दहिया, सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा और सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ में आरोपी सागर ने बताया कि वह कशिश से प्रेम करता था, लेकिन पिछले करीब एक महीने से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। उधर, आरोपी के पिता रामऔतार गौतम ने बेटे की करतूत पर दुख जताते हुए कहा कि उसने जो किया है, उसे उसके अपराध की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मृतक छात्रा भी उनकी बेटी जैसी थी।

