रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तकिया चौराहे पर बीती रात चोरों ने पुलिसिया इकबाल को सरेआम चुनौती दे डाली. बेखौफ बदमाशों ने एक-दो नहीं, बल्कि एक साथ पांच सर्राफा दुकानों के शटर चटकाकर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया. इस वारदात ने न केवल पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल दी है, बल्कि व्यापारियों के बीच असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है.

इसे भी पढ़ें- अब PDA का मतलब ‘पीट देगा…बस्ती की घटना पर अखिलेश पर ओपी राजभर का निशाना, सपा के MY समीकरण को लेकर दिया बड़ा बयान

बता दें कि चोरों ने पेशेवर तरीके से घटना को अंजाम दिया, उन्होंने केवल आभूषणों और नकदी पर ही हाथ साफ नहीं किया, बल्कि पकड़े जाने के डर से दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़ ले गए. सुबह जब जानकारी हुई तो टूटे हुए शटर और बिखरा हुआ सामान देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, चोरों ने 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी है.

घटना की जानकारी मिलते ही तकिया चौराहे पर व्यापारियों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखी नाराजगी व्यक्त करते हुए रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल उठाए हैं. व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिस मुस्तैद होती, तो एक साथ पांच दुकानों में शटर टूटने की आवाज जरूर सुनाई देती. यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न है. जब चौराहे पर पांच दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?

इसे भी पढ़ें- चर्चा से बचकर रहना है! राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सदन में हंगामा, विपक्ष ने प्रदर्शन कर जमकर की नारेबाजी

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने की कोशिश की. पुलिस ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और चोरों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है. पुलिस का दावा है कि आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा.